कटरा में मां वैष्णो दरबार के नजदीक है बाबा धनसर का पवित्र स्थल, शेषनाग के पुत्र रूप में होती है पूजा


जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में कटरा (Katra) से लगभग 15 किलोमीटर दूर सलाल डैम के रास्ते में करुआ के पास बाबा धनसर (Baba Dhansar Temple) का पवित्र धार्मिक स्थल है। यह स्थल भगवान शिव और बाबा धनसर को समर्पित है। बाबा धनसर भगवान शिव के शेषनाग के मानव रूप वासुदेव के पुत्र माने जाते हैं। इस स्थान पर भगवान शिव का प्रसिद्ध मंदिर है। साथ ही खूबसूरत करुआ झरना भी है, जो चट्टानों से निकलकर घने जंगल में गिरता है। इस झरने को बहुत ही पवित्र माना जाता है। धार्मिक स्थल होने के साथ-साथ यह स्थल प्राकृतिक खूबसूरती से भी समृद्ध है। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती लोगों को काफी पसंद आती है।

मान्यता है कि जब भगवान शिव अपनी अमरता की कहानी माता पार्वती को बताने के लिए अमरनाथ गुफा में गए, तो उन्होंने अपने शेषनाग को अनंतनाग में छोड़ दिया। इस दौरान शेषनाग ने वासुदेव के रूप में मनुष्य का रूप धारण किया। उन्हें धनसर नाम का पुत्र हुआ, जो बाद में ऋषि बन गए। मान्यता है कि प्राचीन काल में एक राक्षस था, जो करुआ झरने के पास रहता था। वह करुआ गांव के लोगों पर अत्याचार करता था। इस पर ग्रामीणों ने दानव से छुटकारा पाने के लिए बाबा धनसर की मदद मांगी। बाबा ने भगवान शिव से मदद की प्रार्थना की। जिसके बाद भगवान शिव यहां पहुंचे और दानव को मारने में मदद की। इसके बाद इस जगह का नाम बाबा धनसर के नाम पर पड़ गया।

हर मनोकामना होगी पूरी

बता दें कि करुआ झील को बहुत ही पवित्र झील माना जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन से यहां प्रार्थना मांगी जाए तो वह जरूर पूरी होती है। बाबा धनसर के प्रति लोगों में गहरी आस्था है। महाशिवरात्रि के दिन यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस दौरान मंदिर परिसर में एक छोटा सा मेला भी आयोजित किया जाता है। यह पवित्र स्थान माता वैष्णो देवी के प्रसिद्ध धाम से महज 23 किलोमीटर दूर है। ऐसे में माता वैष्णो देवी धाम आने वाले कई श्रद्धालु बाबा धनसर के मंदिर पर जरूर आते हैं।

कैसे पहुंचें बाबा धनसर के मंदिर

जम्मू का रानीबाग एयरपोर्ट बाबा धनसर का नजदीकी एयरपोर्ट है। जम्मू से सड़क मार्ग के जरिए कटरा पहुंचा जा सकता है, जिसकी दूरी करीब 50 किलोमीटर है। जम्मू से कटरा के बीच बस और टैक्सी सर्विस आसानी से मिल जाती है। यहां से नजदीकी रेलवे स्टेशन जम्मू और कटरा में हैं। जम्मू स्टेशन रेल मार्ग के जरिए देशभर के मुख्य शहरों से जुड़ा हुआ है। दिल्ली के अलावा कई दूसरे शहरों से कटरा के लिए ट्रेन चलती है। देश के विभिन्न हिस्सों से जम्मू सड़क मार्ग के जरिए भी जुड़ा हुआ है और जम्मू होते हुए सड़क मार्ग से कटरा तक पहुंचा जा सकता है। कटरा से वाहनों की मदद से आसानी से बाबा धनसर के मंदिर तक पहुंचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *